Tuesday, July 26, 2011

सुप्रीम कोर्ट जाएंगे वस्तानवी समर्थक


: वस्तानवी के समर्थकों ने मजलिस-ए-शूरा का पुतला फूंक कर यह संदेश दिया है कि विरोध के स्वर थमने वाले नहीं हैं। वस्तानवी समर्थकों ने उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी की। वस्तानवी समर्थक रिहानुलहक ने कहा कि शूरा की बैठक को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह फैसले के विरोध में सुप्रीम कोर्ट जायेंगे तथा आखिर तक इंसाफ की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने शूरा पर यह भी आरोप लगाया कि दारुल उलूम के संविधान के मुताबिक शूरा का फैसला नहीं हुआ है। फैसले से वस्तानवी के पदच्युत किए जाने से इदारे के अंदरूनी हालात पहले जैसे कतई नहीं रहेंगे। दरअसल, वस्तानवी विरोधी व समर्थक तलबा में खटास बढ़ सकती है। दारुल उलूम के बाहर भी यही हालात हैं। मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी को मोहतमिम बनाए जाने के बाद से ही दारुल उलूम में छात्र दो फाड़ हो गए थे। इसके चलते पंद्रह छात्रों का निलंबन भी किया गया था। आज वस्तानवी की बर्खास्तगी पर विरोधी छात्रों ने वस्तानवी वापस जाओ के नारे लगाए जबकि समर्थकों ने जिंदाबाद बोला। जाहिर है कि छात्र दो गुटों में बंट गए हैं। दारुल उलूम के बाहर भी समर्थन और विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं।वहीं मजलिस-ए-शूरा द्वारा मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी को मोहतमिम पद से हटाये जाने पर उलेमा ने मिलीजुली राय जाहिर की है। हालांकि कुछ उलेमा ने किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से इंकार किया है। उधर, जमीयत उलेमा हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने साफ तौर पर कहा है कि इस विवाद से हमारा कोई संबंध नहीं है। आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड के सदस्य मौलाना मुहम्मद इस्लाम कासमी ने कहा कि शूरा सुप्रीम पॉवर है। शूरा जो फैसला लेती है सही लेती है। उन्होंने सवाल भी उठाया कि जो फैसला पहले शूरा ने लिया था क्या उसमें कहीं चूक हुई थी? दारुल उलूम वक्फ के उस्ताद मुफ्ती मुहम्मद आरिफ का कहना है कि शूरा को पहले सोचना चाहिए था कि क्या उसने जो फैसला लिया है वह सही है या गलत। पहले मोहतमिम बनाया गया, बाद मे हटा दिया गया जो समझ से बाहर है। दारुल उलूम वक्फ के उस्ताद मौलाना अब्दुल लतीफ कासमी का कहना है कि शूरा ने दबाव में फैसला किया। पहले मोहतमिम बनाया फिर बर्खास्त कर दिया गया। यह शूरा की कमजोरी है। उधर जमीयत उलेमा हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि इस संबंध में मजलिस-ए-शूरा ही फैसला लेने के लिए अधिकृत है। मदनी ने कहा कि हमारा मोहतमिम विवाद से कोई लेना देना नहीं है।

No comments:

Post a Comment