दारुल उलूम के मोहतमिम बनाए गए मौलाना अबुल कासिम नोमानी का कहना है कि 23 फरवरी को हुई शूरा की बैठक में ही यह तय हो गया था कि जांच कमेटी की रिपोर्ट चाहे जो आए मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी इस्तीफा देंगे। इदारे के 11वें मोहतमिम का पदभार ग्रहण करने के बाद रविवार देर शाम उन्होंने दैनिक जागरण से लंबी बातचीत की। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश। सवाल : जांच कमेटी ने क्या रिपोर्ट पेश की? जवाब : जांच कमेटी ने नरेंद्र मोदी के संबंध में मौलाना वस्तानवी से संबंधित बयान एवं मदरसा छात्रों से संबधित हंगामा आदि के तथ्य प्रस्तुत किये। सवाल : कमेटी ने रिपोर्ट अलग- अलग पेश की? जवाब : जी नही तीनों सदस्यों ने संयुक्त रूप से रिपोर्ट पेश की। सवाल : शूरा ने इस्तीफे के लिए वस्तानवी पर दबाव बनाया? जवाब : जी नहीं, शूरा ने कोई दबाव नहीं बनाया। मौलाना वस्तानवी ने खुद कहा था कि मैं अगली बैठक में इस्तीफा दे दूंगा। सवाल : तो जांच कमेटी क्यों गठित की गई?जवाब : मौलाना वस्तानवी ने 23 फरवरी की बैठक में आग्रह किया था, उन्होंने शूरा से वक्त मांगा था इसलिए जांच कमेटी का गठन किया गया था। यह भी तय हो गया था कि जांच कुछ भी आये में वह इस्तीफा देंगे।सवाल : इस्तीफा देने की बात मौलाना वस्तानवी ने क्यों की? जवाब : जब दस जनवरी को नरेंद्र मोदी की हिमायत करने के आरोपों को लेकर हंगामा हुआ तो 15 जनवरी को उन्होंने खुद इस्तीफे की पेशकश की थी। सवाल : इस बार की शूरा की बैठक में इस्तीफा एजेंडे में था? जवाब : नहीं ऐसा नहीं है। 23 फरवरी को जो मजलिस-ए-शूरा की एक दिवसीय आपातकाल बैठक हुई थी, बैठक मौलाना वस्तानवी के इस्तीफा देने की पेशकश पर ही बुलाई गई थी। यदि मौलाना वस्तानवी शूरा से समय न मांगते तो उसी समय सबकुछ तय हो जाता। सवाल : ऐसा मौलाना वस्तानवी ने क्यों किया? जवाब : वस्तानवी साहब चाहते थे कि उन्हें समय मिले, इसीलिए उन्होंने जांच कमेटी का गठन करने का आग्रह किया थे। सवाल : मौलाना वस्तानवी का इसके पीछे कोई उद्देश्य? जवाब : जाहिर है वस्तानवी साहब चाहते थे कि उनकी विदाई सही तरीके से हो। किसी तरह का कोई मसला खड़ा न हो। सवाल : क्या आप दारुल उलूम में आधुनिक शिक्षा के पक्षधर हैं? जवाब : जी नहीं आधुनिक शिक्षा के लिए बहुत शिक्षण संस्थाएं हैं। दारुल उलूम में किसी तरह का कोई परिवर्तन नहीं किया जायेगा। न ही परिवर्तन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनकी कोई प्राथमिकता नहीं है सिर्फ दारुल उलूम को आगे बढ़ाए जाने की जरूरत है।
No comments:
Post a Comment