Saturday, September 15, 2012

कश्मीर में अमेरिकी फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन, झड़पें



श्रीनगर अमेरिकी निर्माता द्वारा बनाई गई फिल्म इनोसेंस ऑफ मुस्लिम में इस्लाम और हजरत मुहम्मद साहब के चरित्र को आपत्तिजनक तरीके से दिखाने की आग शुक्रवार को घाटी पहुंच गई। लोग नमाज के बाद अमेरिका के खिलाफ सड़क पर उतर आए। बारामुला के विभिन्न हिस्सों में पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें भी हुई जिसमें एक डीएसपी समेत पांच लोग घायल हो गए। भीड़ ने सुरक्षाबलों के वाहनों पर भी पथराव किया। सूत्रों ने बताया कि विभिन्न मजहबी और अलगाववादी संगठनों द्वारा आहूत बंद के समर्थन में लोग फिल्म पर पाबंदी को लेकर वादी में नमाज-ए-जुम्मा के बाद सड़क पर उतर आए। कश्मीर बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने भी श्रीनगर के विभिन्न हिस्सों में जुलूस निकालकर अदालती कामकाज का बहिष्कार किया। दोपहर तक स्थिति हर जगह शांत रही। नमाज-ए-जुम्मा के बाद कश्मीर में हर जगह लोग जुलूस की शक्ल में सड़क पर आने लगे। जामिया मस्जिद नौहट्टा में लोगों ने जुलूस निकाला। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अमेरिका और इजरायल के झंडे भी जलाए। यह जुलूस पीरदस्तगीर की क्षतिग्रस्त जियारतगाह तक आया और वहां से लौट गया। सरायबाला में कारवान-ए-इस्लामी के प्रमुख गुलाम रसूल हामी की अगुआई में जुलूस निकला। आबीगुजर-लालचौक में जुलूस के दौरान उस समय कुछ हिंसा हुई जब डेमोक्रेटिक पीपुल्स मूवमेंट के चेयरमैन फिरदौस अहमद शाह व जनरल मूसा ने लालचौक की तरफ बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने जब उन्हें रोका तो वह और उनके समर्थक पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने जल्द ही स्थिति पर काबू पा लिया। हैदरपोरा, नौगाम, नारबल, लालबाजार, सौरा समेत श्रीनगर के विभिन्न हिस्सों में जुलूस निकले। अनंतनाग, पुलवामा, शोपियां, त्राल, अवंतीपोरा में भी लोग भड़के। बारामुला, हंदवाड़ा, कुपवाड़ा, सोपोर, पलहालन, पट्टन में नमाज-ए-जुम्मा के बाद प्रदर्शन हुए। बारामुला, सोपोर और पल्हालन में प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों के वाहनों पर पथराव किया। पुलिस ने भी बल प्रयोग किया। हिंसक झड़पों में डीएसपी अजय कुमार समेत पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। गांदरबल, कंगन, बडगाम, बीरवाह और मागाम में भी ईशनिंदा के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया। रात को ही नजरबंद कर लिए गए थे अलगाववादी ऑल पार्टी हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के चेयरमैन मीरवाइज मौलवी उमर फारूक, कट्टरपंथी गुट के प्रमुख सैयद अली शाह गिलानी के अलावा शब्बीर अहमद शाह, नईम अहमद खान, जफर अकबर फतेह, यासीन मलिक, मौलाना अब्बास अंसारी, आगा सैयद हसन बडगामी, जावेद मीर समेत सभी प्रमुख अलगाववादी नेताओं को प्रशासन ने गुरुवार देर रात ही नजरबंद कर दिया था। पीपुल्स पॉलिटकल पार्टी के चेयरमैन हिलाल अहमद वार ने नजरबंदी से बचने के लिए घर से फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

No comments:

Post a Comment