अमेरिका में बनी इस्लाम विरोधी फिल्म इनोसेंस ऑफ मुस्लिम्स के खिलाफ पाकिस्तान में हो रहे प्रदर्शनों में सोमवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूट्यूब व अन्य वेबसाइटों से इस्लाम विरोधी आपत्तिजनक सामग्री प्रतिबंधित किए जाने के निर्देश के बावजूद हिंसक प्रदर्शन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अपर दीर जिले में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों ने प्रेस क्लब और पुलिस स्टेशन में आग लगा दी। वहीं यमन, इंडोनेशिया, अफगानिस्तान सहित सभी इस्लामिक देशों में प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया। इसके मद्देनजर मुस्लिम देशों में पश्चिमी देशों के दूतावासों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। अफगानिस्तान में हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और वाहनों में आग लगा दी। प्रदर्शनकारी अमेरिका मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। राजधानी काबुल में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा, जब तक कि हमारे शरीर में खून की एक भी बूंद बाकी है हम अपने पैगंबर की रक्षा करेंगे। अमेरिका को पैगंबर मुहम्मद के अपमान की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अफगानिस्तान सरकार को अमेरिका के साथ संबंध तोड़ देने चाहिए। चेन्नई में अमेरिकी दूतावास बंद चेन्नई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने फिल्म के विरोध में हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए वीजा सेक्शन का काम दो दिनों के लिए बंद कर दिया है। दूतावास की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह अनुभाग मंगलवार तक बंद रहेगा। दूतावास की अधिकारिक वेबसाइट पर ये दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। बैंकॉक में भी बंद का एलान बैंकॉक : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में मंगलवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन के दौरान अमेरिका अपना दूतावास बंद रखेगा। दूतावास की ओर से एक बयान भी जारी कर दिया गया है। इसमें दूतावास के अधिकारियों को घर पर रहने की हिदायत दी गई है। इसमें आशंका जताई गई है कि प्रदर्शनकारी यातायात बाधित कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment