Saturday, September 15, 2012

गाजियाबाद के मसूरी में हिंसा, कई वाहन फूंके, चौकी में लगाई आग



गाजियाबाद (एसएनबी)। मसूरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक धार्मिक पुस्तक के कथित अपमान को लेकर एक समुदाय विशेष के लोगों ने मसूरी थाने पर हमला बोल दिया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा और वहां खड़े दर्जनों वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद एनएच-24 स्थित डासना पुलिस चौकी में भी आग लगा दी। वहां मौजूद पुलिसकर्मिंयों ने किसी तरह वहां से भाग कर अपनी जान बचायी। इतना ही नहीं उपद्रवियों ने एनएच-24 पर गुजर रहे कई वाहनों में आग लगा दी और यात्रियों ने लूटपाट की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसएस (देहात) जगदीश शर्मा पर भीड़ ने धावा बोल दिया और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। इस हमले में एसपी (देहात) समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है । बेकाबू भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को कई राउंड गोलियां चलानी पड़ीं, जिसमें छह से अधिक के घायल होने की सूचना है। प्रशासन ने पूरे इलाके में धारा 144 लागू लगा दी है। घटना की सूचना मिलने ही जिलाधिकारी अपर्णा उपाध्याय व एसएसपी प्रशांत कुमार भारी पुलिस बल साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहां के हालत को देखते हुए प्रशासन ने एनएच-24 पर यातायात को रुकवा दिया। इससे एनएच-24 पर कई किलोमीटर तक जाम लग गया। जाम के कारण आग लगने की सूचना पर मसूरी थाने जा रहीं दमकल गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंच पायी। तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उपद्रवियों ने थाने में रखे रजिस्टर, वहां खड़े निजी व सरकारी वाहन, स्कू टर, मोटरसाइकि लें, थाने परिसर में रह रहे पुलिसकर्मिंयों ने निजी वाहन तक को आग के हवाले कर दिया। जाम के कारण गाजियाबाद से मौके पर भेजे गए पुलिस बल को पहुंचने में काफी परेशानी हुई। देर रात तक पुलिस ने चारों तरफ से नाकेबंदी कर रखी थी और किसी भी एनएच-24 पर जाने नहीं दिया जा रहा था। पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर डटे थे। उनसे बात करने के लिए बार- बार फोन किये गये, लेकिन किसी न फोन रिसीव नहीं किया। घटना को लेकर आसपास के लोगों में भय है। देर रात तक पुलिस की गोली से घायल हुए लोगों की संख्या का पता नहीं चल सका था। क्षेत्र के कई लोग लापता बताये जा रहे हैं। सूचना मिलने पर मंडलायुक्त एमके नारायण व आईजी जेएल त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ-साथ पीएसी, आरपीएफ को भी बुला लिया गया था। खबर लिखे जाने तक सारा पुलिस व प्रशासनिक अमला मसूरी में डटा हुआ था और एनएच-24 को चालू किये जाने की कवायद थी। कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मीडिया को घटना के बारे में कोई भी अधिकृत जानकारी देने को तैयार नहीं था। कुल मिलाकर क्षेत्र में भारी तनाव व दहशत का मौहाल बना हुआ है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
बेकाबू भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने कई राउंड गोलियां चलाई धार्मिक पुस्तक के कथित अपमान को लेकर बवाल एसपी देहात समेत कई पुलिसकर्मी घायल एनएच-24 पर लगा कई किलोमीटर लम्बा जाम प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 144 लगाई


No comments:

Post a Comment